बस्तर : छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बस्तर क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई है। जगदलपुर से लेकर दंतेवाड़ा तक दर्जनों गांव इस बाढ़ की चपेट में आ गए हैं, जिससे कई परिवार सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर चुके हैं या फिर अपने घरों की छतों पर फंसे हुए हैं।
विशेषकर लोहंडीगुड़ा के पास मांदर गांव में पानी इतना तेज़ी से बढ़ा कि अधिकांश मकान पूरी तरह जलमग्न हो गए। लोग पेड़ों और ऊंचे स्थानों पर शरण लेकर अपनी जान बचा रहे हैं। प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
बस्तर में रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए जगदलपुर एयरपोर्ट पर तैनात भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलिकॉप्टरों को प्रभावित इलाकों में भेजा जा रहा है। मंगलवार को इंद्रावती नदी के किनारे एक गांव में छह लोग अपनी छत पर फंसे पाए गए। प्रशासन ने एयरफोर्स से मदद मांगी, जिसके बाद गरुड़ कमांडो के साथ हेलिकॉप्टर पहुंचा और एक-एक कर सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्हें जगदलपुर में सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।
इस बीच, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सांसद महेश कश्यप से बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित रखने के निर्देश दिए हैं।













