रायपुर : राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में ठंड का असर नए साल की शुरुआत तक बना रहेगा। दिसंबर के अंतिम दिनों में लोगों को सर्दी से फिलहाल कोई बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, जबकि प्रदेश के कुछ इलाकों में शीत लहर चलने की आशंका जताई गई है।
अगले दो दिन सर्दी का असर बरकरार
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रहेगा। इसके बाद तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, प्रदेश के एक-दो पॉकेट एरिया में शीतलहर का असर बना रह सकता है।
Read More : Raipur New Year Party 2026 : 31 दिसंबर को राजधानी रायपुर सेलिब्रेशन मोड में, होटल-रिसॉर्ट्स फुल तैयार
राजधानी और आउटर में बढ़ी ठिठुरन
रायपुर में देर शाम से लेकर सुबह तक ठंड काफी तेज महसूस की जा रही है। बिना गर्म कपड़ों के घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं, राजधानी के आउटर इलाकों में ठंड का असर अधिक होने के कारण दिन के समय भी लोगों को ऊनी कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।
अंबिकापुर में सबसे ज्यादा ठंड
प्रदेश में किसी भी स्थान पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंच पाया। दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है और कुछ क्षेत्रों में बर्फ जमने जैसी स्थिति भी बन गई है।
मौसम शुष्क, बारिश की कोई संभावना नहीं
छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। पूरे प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी वर्षा की कोई संभावना नहीं है।
रायपुर में आज का मौसम
आज राजधानी रायपुर में धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। माना क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक दर्ज किया गया है।











