रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन में महत्वपूर्ण घोषणा की गई है। ‘विजन 2047’ पर चल रही विशेष चर्चा के दौरान संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि चंदखुरी स्थित राम मंदिर में एक हफ्ते के भीतर भगवान राम की नई मूर्ति स्थापित कर दी जाएगी।

विधायक अजय चंद्राकर ने उठाया था सवाल
विधानसभा के नए भवन में शुरू हुए शीतकालीन सत्र के पहले दिन ‘विजन 2047’ पर चर्चा हो रही थी। इस दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने सदन में चंदखुरी के राम मंदिर में भगवान राम की मूर्ति बदलने के लंबित मुद्दे को उठाया। विधायक चंद्राकर ने कहा कि विधानसभा में मूर्ति बदलने की घोषणा की गई थी, लेकिन दो साल बाद भी भगवान राम की मूर्ति नहीं बदली गई है, जिससे भक्त मायूस हैं।
संस्कृति मंत्री का त्वरित जवाब
विधायक अजय चंद्राकर के सवाल का जवाब देते हुए संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सदन को आश्वस्त किया। उन्होंने जानकारी दी कि नई मूर्ति को स्थापित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और एक सप्ताह के भीतर चंदखुरी में भगवान राम की नई मूर्ति लगा दी जाएगी।
विजन 2047 पर चल रही है चर्चा
यह शीतकालीन सत्र आज 14 दिसंबर से 17 दिसंबर 2025 तक चार दिन चलेगा और यह सत्र पूरी तरह से पेपरलेस है। पहले दिन सदन में छत्तीसगढ़ विजन 2047 पर विशेष चर्चा हो रही है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन डॉक्यूमेंट 2047’ पर चर्चा की। हालांकि, पहले दिन का सत्र कांग्रेस विधायकों के बहिष्कार के कारण केवल भाजपा विधायकों की भागीदारी के साथ आयोजित हो रहा है।













