CG NEWS :रोहित वर्मा /खरोरा : शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खरोरा में संकुल स्तरीय विज्ञान मेला एवं टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) प्रदर्शनी का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में माध्यमिक शाला के शिक्षकों द्वारा विज्ञान के विविध शैक्षिक मॉडलों का प्रदर्शन किया गया, वहीं प्राथमिक शालाओं के शिक्षकों ने बच्चों के शिक्षण हेतु उपयोगी टीएलएम प्रस्तुत किए। प्रदर्शित मॉडलों ने उपस्थित अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया तथा विद्यार्थियों को रचनात्मक एवं वैज्ञानिक सोच की ओर प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में प्राथमिक शाला केशला ने प्रथम तथा प्राथमिक शाला नायकटांड ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक वर्ग में माध्यमिक शाला रावणभाठा (केशला) ने प्रथम एवं माध्यमिक शाला नवगांव ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
निर्णायक मंडल में सुरेश साहू, संतोष वर्मा एवं रमेश वर्मा शामिल रहे। उन्होंने मॉडलों का अवलोकन कर शिक्षकों से चर्चा की तथा नवाचारों को नियमित रूप से कक्षा शिक्षण में लागू करने की सलाह दी।
इस अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खरोरा के विद्यार्थियों द्वारा भी विज्ञान मॉडलों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसकी अतिथियों एवं शिक्षकों ने सराहना की। कार्यक्रम बीआरसीसी देवेन्द्र सिंह ठाकुर, नोडल प्राचार्य रजनी मिंज के मार्गदर्शन एवं प्रधानपाठिका सुश्री जीरा पाध्याय के सहयोग से संपन्न हुआ। अंत में संकुल समन्वयक रामकरण वर्मा ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।











