रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता)। Raigarh Police Action: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध गौवंश परिवहन और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीमावर्ती रास्ते से ओडिशा के बूचड़खाने की ओर ले जाए जा रहे 6 मवेशियों को सुरक्षित मुक्त करा लिया है और आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।
सीमावर्ती रास्तों पर सख्त निगरानी का असर
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और गौवंश सुरक्षा नोडल अधिकारी एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में सीमावर्ती थानों और ओड़िसा से लगे सीमावर्ती गांवों (जशपुर, कोरबा, सक्ती) में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है।
इसी क्रम में दिनांक 02 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लैलूंगा क्षेत्र से गौवंश की अवैध तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शुभम मिश्रा और प्रीतम बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बांधापारा के रास्ते में घेराबंदी की।
भूखे-प्यासे हांककर ले जाया जा रहा था मवेशी
घेराबंदी के दौरान एक व्यक्ति कुछ मवेशियों को क्रूरतापूर्वक पीटते हुए, भूखे-प्यासे पैदल ही ओडिशा की ओर हांककर ले जाते हुए मिला। पूछताछ करने और दस्तावेज मांगने पर आरोपी मनकितन यादव कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी द्वारा अवैध रूप से मवेशियों को बूचड़खाने ले जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने कुल 06 रास पशु (कीमती लगभग 35,000 रुपये) को जब्त कर लिया।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
आरोपी के इस कृत्य पर छत्तीसगढ़ कृषि पशु परीक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10, 11 एवं पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध क्रमांक 339/2026 पंजीबद्ध किया गया। विधिवत कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी मनकितन यादव (पिता नुर्तमो यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम सिहारधार, थाना लैलूंगा) को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने मुक्त कराए गए सभी गौवंश के लिए उचित चारा-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की है।
इस पूरी सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रीतम बघेल व शुभम मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक परमेश्वर नाथ, प्रधान आरक्षक जयशरण चन्द्रा और हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही।