CG News : महासमुंद। नेशनल हाईवे 53 पर सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पिकअप वाहन में अचानक आग लग गई और उसमें रखे गैस सिलेंडर एक-एक कर धमाके के साथ फटने लगे। विस्फोटों से उठती आग की लपटें दूर तक नजर आईं और आसपास का इलाका दहल उठा।
घटना सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के छुईपाली के पास की है। बताया जा रहा है कि पिकअप में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर लदे हुए थे। अचानक वाहन में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। इसके बाद सिलेंडर वाहन से बाहर गिरते गए और तेज धमाकों के साथ ब्लास्ट होते रहे।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने विस्फोट का वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो अब सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।













