CG NEWS : फकरे आलम /बचेली : बचेली से जगदलपुर तक बिछाई जा रही सैलरी पाइपलाइन के निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही का आरोप सामने आया है। यह परियोजना नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनएमडीसी) द्वारा कराई जा रही है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी नियमों को दरकिनार कर मनमाने ढंग से काम कर रही है।
CG NEWS : ग्रामीणों के अनुसार, 1 से 2 किलोमीटर तक लंबे गड्ढे खोदकर 10 दिनों से अधिक समय से खुले छोड़ दिए गए हैं। इन गड्ढों के आसपास किसी प्रकार की सुरक्षा घेराबंदी या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए हैं। इससे गांव के मवेशी जैसे गाय और बकरियां गिरकर घायल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि छोटे बच्चों के गिरने से भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
CG NEWS : 23 फरवरी 2026 को हुई बारिश के बाद कई गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे फिसलन बढ़ गई है और हादसे की संभावना और अधिक हो गई है। इन दिनों महुआ सीजन होने के कारण सुबह-सुबह ग्रामीण महिलाएं और बच्चे महुआ बीनने जाते हैं। गड्ढों के पास महुआ के पेड़ होने से पशुओं और लोगों के गिरने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी इस तरह खुले गड्ढों के कारण बच्चों की मौत हो चुकी है, फिर भी जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
CG NEWS : स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण एजेंसी पर कोई निगरानी नहीं है और एनएमडीसी के अधिकारी भी इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। बड़े बचेली गांव के पास पाइपलाइन का कार्य चल रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
CG NEWS : ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि यदि किसी की जान जाती है या कोई गंभीर रूप से घायल होता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी पर सख्त कार्रवाई और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि संभावित बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।











