Murar Police Station : ग्वालियर में ‘एटीएम बाबा’ गिरफ्तार: लूट कर भाग रहे बदमाश को पब्लिक ने दबोचा, डिक्की से निकले 100 से ज्यादा ATM कार्ड

0
106

Murar Police Station : ग्वालियर (26 फरवरी 2026): ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र में बीती शाम जनता की बहादुरी से एक शातिर लुटेरा और जालसाज पकड़ा गया। आरोपी ने एक बुजुर्ग से 10 हजार रुपये लूटे थे, लेकिन भागते समय वह ट्रैफिक जाम में फंस गया और भीड़ के हत्थे चढ़ गया। पुलिस को तलाशी के दौरान आरोपी की एक्टिवा से एक सैकड़ा (100) से अधिक एटीएम कार्ड मिले हैं, जो अलग-अलग बैंकों और व्यक्तियों के नाम पर हैं।

ट्रैफिक जाम बना काल, भागते समय गिरा बदमाश घटना मुरार के आजाद नगर इलाके की है। यहाँ के निवासी किशन लाल रजक शाम को थैले में 10 हजार रुपये लेकर जा रहे थे। तभी पीछे से एक्टिवा सवार बदमाश प्रदीप उर्फ पिंकू शिवहरे आया और झपट्टा मारकर रुपयों भरा थैला छीन लिया। किशन लाल के शोर मचाने पर आस-पास की भीड़ जमा हो गई। सामने ट्रैफिक जाम होने के कारण बदमाश हड़बड़ा गया और एक्टिवा से गिरकर घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर उसकी जमकर धुनाई की और पुलिस को सूचना दी।

डिक्की खोलते ही उड़े सबके होश जब मुरार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की एक्टिवा की तलाशी ली, तो उसकी डिक्की में एटीएम कार्ड्स का ढेर मिला। गिनती करने पर 100 से ज्यादा एटीएम कार्ड बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि आरोपी एटीएम बूथ पर मदद के बहाने लोगों के कार्ड बदल लेता था और फिर उनके खातों से पैसे साफ कर देता था।

बढ़ेगी धाराओं की संख्या: पुलिस ग्वालियर सीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि आरोपी के पास से लूटे गए 10 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं। बरामद एटीएम कार्ड्स के आधार पर उन लोगों की सूची तैयार की जा रही है जिनके साथ धोखाधड़ी हुई है। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले में धोखाधड़ी और जालसाजी की अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।

अधिकारी का बयान:

“पब्लिक की मदद से लुटेरे को पकड़ा गया है। उसकी एक्टिवा से बड़ी संख्या में विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड मिले हैं। यह स्पष्ट रूप से एटीएम बदलकर धोखाधड़ी करने वाला मामला लग रहा है। आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।”

अतुल सोनी, सीएसपी, ग्वालियर

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here