CG NEWS : छुरिया (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को इमरजेंसी सेवा देने वाली ‘महतारी एक्सप्रेस 102’ एंबुलेंस का इस्तेमाल अब शराब तस्करी में होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छुरिया थाना की पुलिस टीम ने रविवार रात को घेराबंदी कर एक महतारी एक्सप्रेस (वाहन क्रमांक सीजी 07 एके 3015) को पकड़ा, जिसमें से 16 पेटी महाराष्ट्र निर्मित अवैध शराब जब्त की गई है।
READ MORE : MP NEWS : चोरी के शक में शख्स को भीड़ ने दी तालिबानी सजा, प्राइवेट पार्ट में डाला डंडा…
CG NEWS : फर्जी कॉल के जरिए तस्करी
पुलिस ने मौके से ड्राइवर इन्द्र कुमार उर्फ राहुल साहू (25 वर्ष), निवासी कल्लुटोला (साल्हेटोला) को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने तस्करी के पूरे तौर-तरीके का खुलासा किया
- ड्राइवर का एक साथी डायल 102 पर डिलीवरी केस को लेकर फर्जी कॉल करता था।
- फर्जी कॉल के बाद ड्राइवर तक केस रिसीव करने का मैसेज पहुँचता था।
- मैसेज मिलने पर ड्राइवर एंबुलेंस लेकर छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती गाँव खेड़ेपार तक जाता था।
- वहाँ डिलीवरी केस रिसीव करने की बजाए, वह महाराष्ट्र की अवैध शराब को एंबुलेंस में भरता था और उसे गहिराभेड़ी की पहाड़ी पर छोड़ देता था, जहाँ से एक कोचिया शराब उठा ले जाता था।
पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि महतारी एक्सप्रेस का दुरुपयोग शराब तस्करी में किया जा रहा है। मुखबिर से पुख्ता सूचना मिलने पर छुरिया थाना प्रभारी उपनिरीक्षक ओम साहू ने 112 टीम की मदद से घेराबंदी कर इस तस्करी को पकड़ा।
READ MORE : बिलासपुर NTPC में हड़कंप : काम पर जाते समय ठेका कर्मचारी की संदिग्ध मौत….
राज्य कार्यालय को दी गई सूचना
इस मामले पर सीएमएचओ डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि जिले में महतारी एक्सप्रेस एंबुलेंस का संचालन जय अबे कंपनी द्वारा किया जाता है। उन्होंने पुष्टि की कि ड्राइवर बिना किसी वैध कॉल के वाहन लेकर गया था। सीएमएचओ ने इस गंभीर अनियमितता के संबंध में राज्य कार्यालय को सूचना दे दी है।













