CG NEWS : बालोद, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस ने करोड़ों रुपये की ठगी कर पिछले 9 साल से फरार चल रहे एक चिटफंड कंपनी के डायरेक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान काली प्रसाद मिश्रा के रूप में हुई है, जिसे ओडिशा के भुवनेश्वर से पकड़ा गया है।
CG NEWS : क्या था मामला?
काली प्रसाद मिश्रा अपनी कंपनी माइक्रोलिजिंग एंड फंडिंग लिमिटेड और माइक्रोफाइनेंस के जरिए लोगों को अधिक ब्याज और मुनाफे का लालच देता था। उसने सैकड़ों निवेशकों से करोड़ों रुपये ठगे और फिर 2014 में कंपनी के सभी ऑफिस बंद कर फरार हो गया। बालोद थाने में उसके खिलाफ 2016 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें बालोद थाना और साइबर सेल की टीम शामिल थी। इस टीम ने तकनीकी डेटा और मुखबिरों की मदद से आरोपी की गतिविधियों को ट्रैक किया। कई दिनों तक भुवनेश्वर में कैंप करने के बाद, स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को पकड़ा गया।
फरार होकर फिल्मों में काम कर रहा था
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में काली प्रसाद मिश्रा ने बताया कि वह एमबीए पढ़ा-लिखा है और 2014 में कंपनी बंद होने के बाद से फरार था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह छिप-छिपकर रह रहा था और ओडिशा फिल्म इंडस्ट्री में छोटे-छोटे रोल करके अपना गुजारा चला रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।











