CG NEWS: बिलासपुर : बिलासपुर में वाहन चेकिंग के दौरान एक युवती द्वारा नशे की हालत में किए गए हंगामे का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्कूटी सवार युवती ने पुलिस द्वारा रोके जाने पर न केवल कार्रवाई का विरोध किया, बल्कि बदसलूकी करते हुए मौके पर मौजूद लोगों से भी विवाद करने लगी।
CG NEWS: यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि जब लोग उसका वीडियो बनाने लगे तो वह और आक्रोशित हो गई और अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहने लगी कि वीडियो बना लो, ज्यादा से ज्यादा क्या होगा। उसके इस व्यवहार ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित कर लिया।
CG NEWS: मंगलवार रात पुलिस टीम राजीव गांधी चौक पर नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर से चालकों की जांच की जा रही थी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही थी।
CG NEWS: इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे महाराणा प्रताप चौक की ओर से आ रही स्कूटी सवार युवती ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह स्कूटी सहित गिर गई। इसके बाद वह पुलिसकर्मियों पर भड़क गई और सड़क पर ही हंगामा करने लगी।
CG NEWS: पुलिस जब उसे संभालने पहुंची तो वह उनसे भी उलझ गई और जांच से बचने की कोशिश करती रही। काफी प्रयास के बाद जब ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, तो उसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उसकी स्कूटी जब्त कर ली।











