CBSE Teachers Workshop : बरगी: द रॉयल हेरिटेज पब्लिक स्कूल में शनिवार, 25 अप्रैल को शिक्षकों के व्यावसायिक और कौशल विकास के उद्देश्य से एक दिवसीय “शैक्षणिक क्षमता निर्माण कार्यशाला” का आयोजन किया गया। सीबीएसई बोर्ड, नई दिल्ली के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य विषय “लर्निंग आउटकम्स एवं पेडागॉजी” (अधिगम परिणाम एवं शिक्षण शास्त्र) रहा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जबलपुर सहित आसपास के जिलों से आए कुल 52 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव: कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में दिल्ली पब्लिक स्कूल की प्राचार्य श्रीमती अपर्णा चौबे और प्रतिभास्थली ज्ञानोदय विद्यापीठ की वंदना जैन उपस्थित रहीं। विशेषज्ञों ने शिक्षकों को बताया कि कैसे शिक्षण को छात्र-केंद्रित बनाया जाए और प्रभावी मूल्यांकन पद्धतियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सीखने की क्षमता को बेहतर किया जाए। सत्र के दौरान नवीन शिक्षण रणनीतियों और व्यावहारिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया गया।
प्राचार्य का संबोधन: विद्यालय के प्राचार्य श्री आशीष कुमार सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि शिक्षा के बदलते स्वरूप को देखते हुए शिक्षकों का अपडेट रहना अनिवार्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण से न केवल शिक्षकों के कौशल में वृद्धि होगी, बल्कि इसका सीधा लाभ विद्यार्थियों के शैक्षणिक परिणामों में भी देखने को मिलेगा। समूह चर्चा और विभिन्न गतिविधियों के साथ संपन्न हुई इस कार्यशाला को शिक्षकों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक बताया गया।











