[Nishaanebaz News] Indore Drug Bust: इंदौर। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खजराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 ग्राम से अधिक MD ड्रग्स के साथ एक युवक और एक बाल अपचारी को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक जब्त ड्रग्स की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक है। आरोपियों के कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की TVS बाइक भी बरामद की गई है।पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स की खेप कहां से लाई गई थी और इंदौर में इसकी सप्लाई किन लोगों को की जानी थी।
MR-10 रोड पर संदिग्ध युवकों की मिली सूचना
खजराना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि MR-10 रोड स्थित शहीद पेट्रोल पंप के पास दो संदिग्ध युवक मौजूद हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे।पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 100 ग्राम से अधिक MD ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने ड्रग्स के साथ बाइक को भी जब्त कर लिया।
देवास का युवक और बाल अपचारी पकड़ाया
Indore Drug Bust: पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान 26 वर्षीय राहुल परमार, निवासी चाणक्यपुरी, देवास के रूप में हुई है। उसके साथ एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया है।प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी नशे की जरूरत पूरी करने के साथ-साथ जल्दी पैसा कमाने के लिए ड्रग्स की खरीद-फरोख्त कर रहे थे।
राजस्थान से देवास और फिर इंदौर पहुंची थी खेप
पूछताछ में पुलिस को यह भी पता चला है कि जब्त MD ड्रग्स की खेप राजस्थान से देवास के रास्ते इंदौर तक पहुंची थी। इसके बाद पुलिस की जांच अब केवल गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि ड्रग्स सप्लाई करने वाले नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।पुलिस आरोपियों से सप्लायर, खरीदार और ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
Indore Drug Bust: मामले में थाना खजराना में अपराध क्रमांक 676/26 के तहत धारा 8/22 NDPS एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ में यदि ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस राजस्थान से देवास और फिर इंदौर तक पहुंच रही ड्रग्स की सप्लाई चेन को खंगाल रही है।





