बुरहानपुर। विजयादशमी के अवसर पर बुरहानपुर जिले में पुलिस विभाग की ओर से परंपरागत शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस लाइन में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान शस्त्रों का हवन और पूजन किया गया।
शस्त्र पूजन कार्यक्रम में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, नेपानगर विधायक मंजू दादु, बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस, महापौर माधुरी अतुल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, कलेक्टर हर्ष सिंह, एसपी देवेंद्र कुमार पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और पुलिस कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने हर्ष फायर कर विजयादशमी के पर्व को और भी उत्साहपूर्ण बनाया।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि “विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। यह हमारी प्राचीन संस्कृति में शौर्य, सुरक्षा और साहस का प्रतीक है।”
इस अवसर पर सभी अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों और उपस्थित नागरिकों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएँ दीं और कर्तव्यनिष्ठा एवं साहस की भावना को बनाए रखने का आह्वान किया।











