ग्वालियर: जिले के बिलौआ क्षेत्र में अवैध उत्खनन के खिलाफ जिला प्रशासन और खनिज विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी छापामार कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से करीब 80 डंपर अवैध बोल्डर बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर पहुंची जांच टीम
ग्वालियर कलेक्टर रूचिका चौहान को बिलौआ क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने डिप्टी कलेक्टर अनिल राघव के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा। टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर कई स्थानों का निरीक्षण किया, जहां बड़ी मात्रा में अवैध बोल्डर पाए गए।
80 डंपर बोल्डर जब्त, मचा हड़कंप
जांच के दौरान टीम को अलग-अलग स्थानों पर जमा किए गए 80 डंपर अवैध बोल्डर मिले। खनिज विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी बोल्डर जब्त कर लिए। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय अवैध खनन माफिया के बीच हलचल बढ़ गई है।
जांच के दौरान विवाद, काम पर रोक
निरीक्षण के दौरान एक स्थान पर विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। हालात को देखते हुए डिप्टी कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से संबंधित खदान का काम बंद करा दिया और विस्तृत जांच के आदेश जारी किए। साथ ही निर्देश दिए गए कि जांच पूरी होने तक खनन कार्य यथास्थिति बंद रखा जाए।
Read More : ग्वालियर : खाना बनाने से इंकार पर पति ने की पत्नी की गोली मारकर हत्या, आरोपी हिरासत में
पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई
पूरी कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग, हल्का पटवारी, खनिज अधिकारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे, जिससे स्थिति नियंत्रित बनी रही और प्रशासनिक कार्रवाई सुचारू रूप से संपन्न हुई।
सांसद बोले—दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
मामला ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह के संज्ञान में भी पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जानकारी ली जाएगी और कोई भी दोषी, अपराधी या माफिया हो—उसे बख्शा नहीं जाएगा।
अवैध खनन के खिलाफ यह कार्रवाई प्रशासन की सख्ती को दर्शाती है। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।













