C.G News : बिलासपुर में दो सहायक शिक्षक सस्पेंड, शराब के नशे में पहुंचे थे स्कूल… शिक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शराब के नशे में स्कूल आने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए दो सहायक शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई स्थानीय शिकायत, जांच और स्पष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद की गई है।दोनों मामले मस्तूरी विकासखंड के सरकारी प्राथमिक स्कूलों से जुड़े हैं।

जुनवानी स्कूल में शिक्षक शराब के नशे में मिले

पहला मामला ग्राम पंचायत जुनवानी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का है। जानकारी के अनुसार 6 मार्च को ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि स्कूल के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इस दौरान स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक संदीप रात्रे शराब के नशे में पाए गए।विद्यालय के प्रधान पाठक ने बताया कि संदीप रात्रे अक्सर बिना पूर्व सूचना के स्कूल से अनुपस्थित रहते थे, जिससे छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।

जांच में सही मिली शिकायत

ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त रूप से रिपोर्ट तैयार कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) मस्तूरी को सौंप दी।

बीईओ द्वारा की गई जांच में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने संदीप रात्रे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दर्रीघाट निर्धारित किया गया है।

Read More : इंदौर में दर्दनाक हादसा! पेट्रोल भरवाकर भागे कार चालक ने कर्मचारी को घसीटा, मौके पर मौत

दूसरे शिक्षक ने स्पष्टीकरण में स्वीकार की गलती

दूसरा मामला पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला कुकुर्दीकला का है। यहां पदस्थ सहायक शिक्षक उत्तम कुमार कंवर के खिलाफ भी शराब पीकर स्कूल आने की शिकायत मिली थी।

मामले की जानकारी मिलने के बाद बीईओ ने शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा। अपने जवाब में शिक्षक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इसके बाद बीईओ की रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें भी निलंबित कर दिया।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

गौरतलब है कि बिलासपुर जिले में इससे पहले भी शराब के नशे में स्कूल आने के मामलों में करीब 14 से अधिक शिक्षकों को निलंबित किया जा चुका है।

इसके बावजूद कुछ शिक्षक अनुशासनहीनता से बाज नहीं आ रहे हैं। शिक्षा विभाग का कहना है कि छात्रों की पढ़ाई और स्कूल अनुशासन से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *