Bilaspur News: बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में फैमिली कोर्ट के न्यायाधीश के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के मामले में सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य पर कार्रवाई की गई है। एसएसपी रजनेश सिंह ने उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह नरेश चौहान को सरकंडा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, एसएसपी की ओर से जारी आदेश में इस कार्रवाई की वजह प्रशासनिक बताई गई है।
Bilaspur News: दरअसल, करीब एक सप्ताह पहले बिलासपुर के राजकिशोर नगर में महासमुंद कुटुंब न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। बताया गया कि जन्मदिन के जश्न के दौरान देर रात ढोल-नगाड़े बजाए जा रहे थे और पटाखे फोड़े जा रहे थे। इससे परेशान होकर न्यायाधीश ने आपत्ति जताई थी। इसी बात को लेकर प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों ने न्यायाधीश व उनके परिजनों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की थी।
Bilaspur News: इस घटना के बाद प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत पर न्यायाधीश के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था। बताया जा रहा है कि जज के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने पर न्यायिक अधिकारियों ने कड़ी आपत्ति जताई थी। आरोप है कि मामला दर्ज करने से पहले आवश्यक प्रशासनिक अनुमति और संबंधित पहलुओं की उचित जांच नहीं की गई थी। इसी विवाद के बीच अब सरकंडा टीआई प्रदीप आर्य को लाइन अटैच किए जाने की कार्रवाई चर्चा में है।
