भोपाल। Bhopal News : राजधानी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें जेंडर चेंज करवाने के बाद ट्रांसवुमन को शादी का झांसा देकर धोखा देने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। गांधीनगर थाना क्षेत्र की एक ट्रांसवुमन ने अपने प्रेमी के खिलाफ रेप और ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज कराई है।
Bhopal News : पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र के अनुसार, पीड़िता और आरोपी की मुलाकात नर्मदापुरम में हुई थी। दोनों युवकों के बीच पहले दोस्ती हुई और फिर प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद नर्मदापुरम निवासी युवक ने शादी का वादा किया और भोपाल निवासी युवक को लड़की बनने यानी जेंडर चेंज कराने को कहा।
शादी के वादे पर भरोसा करते हुए पीड़ित युवक ने पहले हार्मोनल दवाइयां लीं, फिर इंदौर के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन करवा कर ट्रांसवुमन बन गया। लेकिन जेंडर चेंज के बाद आरोपी शादी से मुकर गया और पीड़िता को धमकाने लगा कि अगर उसने दबाव बनाया तो उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल कर देगा।
गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कर पुलिस ने मामला जीरो पर दर्ज कर नर्मदापुरम ट्रांसफर कर दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटा रही है।











