भोपाल में युवतियों पर ब्लेड से हमला करने वाला फरार ‘साइको किलर’ गिरफ्तार, फैला था डर का माहौल

Rahul Goshwami

भोपाल :  मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सड़क पर चलती युवतियों पर ब्लेड से हमला कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने आखिरकार 5 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया।आरोपी पिछले छह दिनों से पुलिस को चकमा दे रहा था, जिससे शहर की महिलाओं और युवतियों में भय का माहौल बना हुआ था।

 मिनाल इलाके से पुलिस ने दबोचा

पुलिस इस हमलावर को पकड़ने के लिए हाई अलर्ट पर थी।अयोध्या बायपास समेत कई इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था और हजारों CCTV फुटेज खंगाले जा रहे थे।इसी बीच देर रात करीब 2 बजे मिनाल क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम ने संदिग्ध हालत में बाइक सवार युवक को देखा।पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।

अकेली युवतियों को बनाता था निशाना

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रायसेन जिले का निवासी है और निशातपुरा क्षेत्र में मजदूरी करता था।
बताया जा रहा है कि पत्नी से विवाद, मानसिक तनाव और शराब की लत के बाद उसका व्यवहार असामान्य हो गया था।इसी हालत में वह रात के समय अकेली चल रही युवतियों को निशाना बनाकर ब्लेड से हमला करता और हंसते हुए फरार हो जाता था।

Read More : नरसिंहपुर में फरार आरोपी पर सिर्फ 1 रुपये का इनाम, पुलिस के अनोखे कदम पर सोशल मीडिया पर चर्चा

चार लड़कियां हो चुकी थीं घायल

गिरफ्तारी से पहले आरोपी चार युवतियों को घायल कर चुका था।
इन घटनाओं के बाद कल्पना नगर, सोनागिरी, इंद्रपुरी, नरेला शंकरी, मिनाल रेजिडेंसी और भवानी धाम सहित कई इलाकों में डर का माहौल था।परिजन बेटियों को अकेले बाहर भेजने से डर रहे थे और सोशल मीडिया पर भी सतर्क रहने की अपीलें की जा रही थीं।

25 से ज्यादा टीमें कर रही थीं तलाश

एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी के अनुसार आरोपी की तलाश के लिए 25 से अधिक पुलिस टीमें बनाई गई थीं।
पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर रही थी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार दबिश दी जा रही थी।अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है, जिससे शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *