Bhilainagar Crime News: भिलाईनगर। स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र में नाबालिग को धमकाकर उसके मामा और मां के घर से सोने के जेवर चोरी करवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कांग्रेस पार्षद के बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से दोनों मामलों में करीब 8 लाख रुपए के सोने के जेवर और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है।
Bhilainagar Crime News: ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा के मुताबिक, दुर्गानगर जुनवानी रोड निवासी मोहम्मद मोहसीन खान (32) ने 9 अगस्त को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब 2-3 महीने पहले 17 वर्षीय भांजे को अनुराग कुर्रे और उसके साथियों ने धमकाकर घर से सोने के जेवर लाने के लिए मजबूर किया था।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग के जरिए मोहम्मद मोहसीन खान के घर से दो सोने की अंगूठी, एक सोने का हार, एक जोड़ी कान की बाली और एक सोने का मंगलसूत्र चोरी करवाया गया। इसके अलावा नाबालिग की मां शाहीन परवीन ने भी शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि नाबालिग ने उनके घर से एक जोड़ी सोने के कंगन, एक मंगलसूत्र और दो सोने की अंगूठियां चोरी कर अनुराग कुर्रे को दे दी थीं।
शिकायत मिलने के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि आरोपी नाबालिग को जान से मारने की धमकी देकर चोरी के लिए दबाव बनाते थे। नाबालिग द्वारा लाए गए जेवर आरोपी अपने कब्जे में ले लेते थे।
Bhilainagar Crime News: तकनीकी जानकारी और जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और चोरी का सामान बरामद किया। पुलिस ने भिलाई के वार्ड नंबर-6 के कांग्रेस पार्षद रविशंकर कुर्रे के बेटे अनुराग कुर्रे (32), करन सोनी (25) और रोहित गुप्ता (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अनुराग कुर्रे पर नाबालिग को ऑनलाइन बेटिंग ऐप पर पैसे लगाने की आदत डालने का भी आरोप है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

