Bharatiya Mazdoor Sangh : रीवा : आज भारतीय मजदूर संघ, मध्यप्रदेश द्वारा अपनी लंबित प्रमुख मांगों को लेकर रीवा कलेक्ट्रेट में विशाल प्रदर्शन किया गया। संघ के पदाधिकारियों और जिलेभर से पहुंचे श्रमिकों ने सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर खींचने के लिए जोरदार आंदोलन किया।
संघ ने मुख्यमंत्री के नाम एक विस्तृत ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा, जिसमें बाह्य स्रोत कर्मियों, दैनिक वेतनभोगी और आउटसोर्स कर्मचारियों की विभिन्न मांगों का उल्लेख किया गया। ज्ञापन में प्रदेश के बाह्य स्रोत/आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा, नियमित वेतन और श्रम कानूनों का पूर्ण पालन कराने की मांग की गई। इसके साथ ही हरियाणा राज्य की तर्ज पर सेवा सुरक्षा नीति लागू करने का आग्रह भी किया गया।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सभी विभागों, निगम-मंडलों और विश्वविद्यालयों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को 10 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर नियमितिकरण का लाभ दिया जाना चाहिए। वर्ष 2007 से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी व संविदा कर्मियों का समायोजन करने की मांग भी शामिल रही।
संघ ने आरोप लगाया कि वर्ष 2000 के बाद नियुक्त कई कर्मचारियों को अब तक वेतनमान और सेवा सुरक्षा का लाभ नहीं मिला है, जिसे शीघ्र लागू करने की आवश्यकता है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि समय पर निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।











