Bemetara District Court : बेमेतरा। जिला न्यायालय बेमेतरा में शनिवार, 13 दिसंबर 2025 को वर्ष की अंतिम नेशनल लोक अदालत का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीमती सरोज नंद दास ने दीप प्रज्जवलित कर किया। उन्होंने न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और न्यायिक कर्मचारियों को अधिक से अधिक प्रकरणों का सौहार्दपूर्ण निराकरण करने हेतु प्रोत्साहित किया।
Bemetara District Court : सौहार्दपूर्ण वातावरण का निर्माण: रिकॉर्ड अवार्ड राशि
अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लोक अदालत को वैमनस्यता दूर करने का उत्तम माध्यम बताया और इसे राष्ट्र के प्रति एक महत्वपूर्ण सेवा कहा। इस लोक अदालत के माध्यम से जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण का निर्माण कर रिकॉर्ड तोड़ ₹3,05,66,687/- (तीन करोड़ पाँच लाख छियासठ हजार छह सौ सत्तासी रुपये) की समझौता राशि वसूली गई।
- कुल निराकरण के लिए रखे गए प्रकरण: 9,934 (प्री-लिटिगेशन और लंबित)
- वसूली/समझौता राशि (प्री-लिटिगेशन): ₹68,43,086/- (राजस्व, विद्युत, बैंक और बीएसएनएल प्रकरण)
- अवार्ड राशि (न्यायालय लंबित): ₹2,37,23,601/- (आपराधिक, सिविल, पारिवारिक, एमएसीटी और अन्य)
- कुल समझौता राशि: ₹3,05,66,687/-
- न्यायालय में लंबित 25 आपराधिक, 28 सिविल, 15 पारिवारिक, 12 एनआई एक्ट (धारा 138), 20 मोटर दुर्घटना दावा (MACT) और 2731 अन्य प्रकरणों का निराकरण किया गया।
Bemetara District Court : 9 खंडपीठों का गठन और व्यापक व्यवस्था
नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु जिला न्यायालय प्रांगण में 8 खंडपीठ और तहसील साजा न्यायालय में 1 खंडपीठ— इस प्रकार जिले में कुल 9 न्यायालयीन खंडपीठों का गठन किया गया, जिसमें दो-दो सुलहकर्ता सदस्यों की नियुक्ति की गई। पक्षकारों की सुविधा के लिए विधिक सहायता डेस्क, चिकित्सकीय वेन, स्वास्थ्य डेस्क, यातायात जागरूकता डेस्क सहित सभी बैंक, विद्युत विभाग और फाइनेंस कंपनियों के डेस्क लगाए गए थे।
Bemetara District Court : न्याय वृक्ष और प्रेरणादायक जागरूकता अभियान
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा द्वारा नालसा (NALSA) एवं सालसा (SALSA) की योजनाओं और कानूनी विषयों के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने के लिए ‘न्याय वृक्ष’ और ‘द्वार तोरन’ बनाकर एक विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। पक्षकारों को बाल विवाह, साइबर क्राइम, मोटर यान अधिनियम, निःशुल्क विधिक सहायता, और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर केंद्रित पाम्पलेट वितरित किए गए। न्यायालय परिसर में प्रेरणादायक सुविचारों और लघु फिल्मों के प्रसारण के माध्यम से भी लोगों को आपसी रंजिश छोड़कर समझौता करने और सड़क सुरक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया।
Bemetara District Court : पारिवारिक मामलों में भावुक राजीनामा: 6 परिवार हुए एक
कुटुम्ब न्यायालय बेमेतरा में न्यायाधीश श्रीमती नीलिमा सिंह बघेल के विशेष प्रयासों से कुल 13 प्रकरणों का निपटारा हुआ, जिसमें से 09 दंपत्तियों को सुलह-समझौता कर खुशी-खुशी घर भेजा गया। इनमें एक मामला 7 और 5 वर्ष के बच्चों वाले दंपति का था, जिन्हें बच्चों के भविष्य का हवाला देकर एक कराया गया। एक अन्य भावुक प्रकरण में, विवाह के दो दिन बाद से मायके में रह रही प्रेम विवाह करने वाली पत्नी और पति का विवाद सुलझाया गया। एक अन्य मामले में, लंबी काउंसलिंग के बाद पति अपनी गर्भवती पत्नी और बच्चे को साथ लेकर घर गया। इन समझौतों के बाद सभी दंपत्तियों को नारियल, तुलसी का पौधा और सप्तपदी के सात वचन भेंट कर विदा किया गया।











