Balaghat Epidemic: बालाघाट। जिले के ग्राम कुंडेकसा और बोनदारी में महामारी से प्रभावित परिवारों के बीच नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पहुंचे। उन्होंने उन परिवारों से मुलाकात की, जिन्होंने बीमारी के दौरान अपने मासूम बच्चों को खो दिया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिजनों से बातचीत कर उनका दुख साझा किया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
उमंग सिंघार ने क्षेत्र के अस्पताल में भर्ती बच्चों का भी हाल जाना और उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के इलाज से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर भी जानकारी ली और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
पीड़ित परिवारों का दर्द साझा किया
गांवों में पहुंचने के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने प्रभावित परिवारों से उनकी समस्याओं और मौजूदा परिस्थितियों की जानकारी ली। मासूम बच्चों की मौत से दुखी परिवारों से बातचीत के दौरान उन्होंने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहना जरूरी है।उन्होंने कहा कि हर पीड़ित परिवार को न्याय मिले और हर बच्चे को बेहतर इलाज उपलब्ध हो, यह प्राथमिकता होनी चाहिए।
स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था को लेकर सरकार से सवाल
Balaghat Epidemic: उमंग सिंघार ने आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं, पोषण और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए, ताकि गंभीर बीमारियों की स्थिति में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छ पेयजल की पुख्ता व्यवस्था के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी।
कांग्रेस के कई विधायक रहे मौजूद
Balaghat Epidemic: इस दौरान क्षेत्रीय विधायक संजय उईके, मधू भगत, अनुभा मुंजारे और विवेक विक्की पटेल भी मौजूद रहे। नेताओं ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और बच्चों के उपचार से जुड़ी जानकारी ली।बालाघाट के इन गांवों में महामारी से प्रभावित परिवारों के बीच नेताओं की इस मुलाकात के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था और बच्चों के इलाज को लेकर चर्चा तेज हो गई है।





