Bala Bachchan Daughter Death : इंदौर सड़क हादसे ने छीनी तीन जिंदगियां: विधायक बाला बच्चन की बेटी का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार

VIKASH KHALKHO

Bala Bachchan Daughter Death : बड़वानी/इंदौर। मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और राजपुर विधायक बाला बच्चन की युवा पुत्री प्रेरणा बच्चन समेत तीन होनहार युवाओं की इंदौर में हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में असामयिक मृत्यु ने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। शुक्रवार तड़के रालामंडल क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद शनिवार को प्रेरणा का उनके पैतृक गांव कासेल में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। इस दुखद घड़ी में जहां हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी, वहीं राजनीतिक गलियारों में इस संवेदनहीनता को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं।

हादसा इंदौर के रालामंडल क्षेत्र का है, जहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में प्रेरणा बच्चन (26) के साथ मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आनंद जैन कासलीवाल के पुत्र प्रखर कासलीवाल (25) और उनके मित्र मानसंधु (26) की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार एक अन्य युवती अनुष्का राठी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका उपचार इंदौर के निजी अस्पताल में जारी है। प्रेरणा मुंबई से एमबीए करने के बाद इंदौर में रहकर प्रशासनिक सेवा (MPPSC) की तैयारी कर रही थीं।

प्रेणा बच्चन का पार्थिव शरीर जब उनके पैतृक गांव कासेल पहुंचा, तो वहां का मंजर देखकर हर आंख नम हो गई। हजारों की संख्या में मौजूद ग्रामीणों और समर्थकों ने अपनी लाड़ली को अंतिम विदाई दी। पिता बाला बच्चन ने भारी मन और कांपते हाथों से गायत्री मंत्रोच्चार के बीच अपनी बेटी को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों के दिग्गज नेता पहुंचे, जिन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

अंतिम संस्कार में पहुंचे पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है और हम सभी साथी बाला बच्चन जी के परिवार को संबल देने यहां पहुंचे हैं। हालांकि, सचिन यादव ने इस दुखद अवसर पर सरकार के कुछ नुमाइंदों द्वारा दिए गए कथित बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब पूरा परिवार और प्रदेश शोक में है, सरकार की ओर से आने वाले संवेदनहीन बयान मानवता के नाम पर बहुत बड़ी त्रुटि हैं।

सचिन यादव ने आगे तीखा प्रहार करते हुए कहा कि इस सरकार में मानव संवेदनाओं को लगातार आहत किया गया है। जिस प्रकार के आचरण और व्यवहार की खबरें इस दुखद घड़ी में सामने आई हैं, वह किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति या शासन को शोभा नहीं देता। उन्होंने इसे राजनीतिक सुचिता का गिरता हुआ स्तर बताया। वहीं, कांग्रेस विधायक राजन मंडलोई ने भी इसे एक होनहार बेटी का असमय जाना बताया और क्षेत्र के लिए इसे काला दिन करार दिया।

इस घटना ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की ओर एक बार फिर ध्यान खींचा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हादसा वाहन की तकनीकी खराबी के कारण हुआ या अत्यधिक गति इसकी मुख्य वजह थी। फिलहाल, कासेल गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई बाला बच्चन परिवार के इस असहनीय दुख में उनके साथ खड़ा नजर आ रहा है।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *