Amahiya Flyover Incident : रीवा (22 फरवरी 2026): रीवा शहर के अमहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत फ्लाई ओवर पर आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार सवार ने मामूली एक्सीडेंट के बाद जमकर उत्पात मचाया। आरोपी ने न केवल यातायात बाधित किया, बल्कि सरेराह दूसरी कार के शीशे तोड़कर दहशत फैला दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी कार जब्त कर ली है।
मामूली टक्कर और फिर ‘तांडव’
जानकारी के मुताबिक, फ्लाई ओवर पर आवागमन के दौरान आरोपी कार चालक ने अपने आगे चल रही एक अन्य कार को पीछे से टक्कर मार दी। जब पीड़ित कार चालक ने नीचे उतरकर इस टक्कर का विरोध किया, तो आरोपी माफी मांगने के बजाय विवाद पर उतारू हो गया। देखते ही देखते आरोपी ने अपनी कार से डंडा निकाला और पीड़ित की कार पर हमला बोल दिया।
दहशत में आए राहगीर
आरोपी ने आव देखा न ताव और सबके सामने पीड़ित की कार के कांच चकनाचूर करना शुरू कर दिए। बीच सड़क पर चल रही इस गुंडागर्दी को देख फ्लाई ओवर से गुजर रहे राहगीर सहम गए और कुछ समय के लिए आवागमन रुक गया। सूचना मिलते ही अमहिया पुलिस मौके पर पहुँची और आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर अमहिया थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
थाना प्रभारी का बयान:
“फ्लाई ओवर पर हुई इस घटना में आरोपी ने कानून हाथ में लेने की कोशिश की है। मामूली विवाद में तोड़फोड़ और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।” – शिवा अग्रवाल, थाना प्रभारी अमहिया












