Monday, September 28, 2026
Home Tech Diesel Scam JAYS Protest : बड़वानी में डीजल ‘घोटाला’: 2000 का पैसा...

Diesel Scam JAYS Protest : बड़वानी में डीजल ‘घोटाला’: 2000 का पैसा लेकर ट्रैक्टर में भरा सिर्फ 1500 का तेल, जयस ने दी आंदोलन की चेतावनी

Diesel Scam JAYS Protest : बड़वानी: जिले के बस स्टैंड स्थित एक पेट्रोल पंप पर उपभोक्ता के साथ धोखाधड़ी का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि एच.पी. पेट्रोल पंप पर एक किसान से 2000 रुपये लिए गए, लेकिन उसके ट्रैक्टर में करीब 1500 रुपये मूल्य का ही डीजल भरा गया। इस घटना को लेकर क्षेत्र के आदिवासी समाज और जय आदिवासी युवा शक्ति (JAYS) संगठन में भारी आक्रोश है। संगठन ने इसे तकनीकी चूक नहीं बल्कि एक संगठित लूट करार दिया है।

पीड़ित खुमालिया डावर, जो ग्राम डोंगरगांव के निवासी हैं, ने बताया कि 22 मार्च 2026 को उन्होंने अपने ट्रैक्टर में डीजल भरवाया था। जब वे ईंट भट्टे पर पहुंचे और डीजल की मात्रा की जांच की, तो वह काफी कम पाई गई। पीड़ित जब दोबारा पंप पर शिकायत लेकर पहुंचे, तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। हालांकि, जयस संगठन का आरोप है कि पंप प्रबंधन द्वारा इस मामले में कोई संतोषजनक कार्रवाई या माफीनामा पेश नहीं किया गया।

जयस के संभाग सचिव सतीश डोडवे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। डोडवे ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप संचालक जानबूझकर अनपढ़ और गरीब आदिवासियों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि “मशीनों में हेरफेर कर जनता की गाढ़ी कमाई लूटी जा रही है।” संगठन ने एसडीएम, जिला खाद्य अधिकारी और नाप-तौल विभाग से मांग की है कि जिले के सभी पंपों की तत्काल आकस्मिक जांच की जाए।

प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में जयस ने 4 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित पेट्रोल पंप संचालक और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे। इस दौरान पेट्रोल पंप पर धरना प्रदर्शन और तालाबंदी की भी योजना बनाई गई है। फिलहाल, खाद्य विभाग ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here