Saturday, September 26, 2026
Home Madhya Pradesh Bhopal भोपाल : हमीदिया अस्पताल में डॉक्टर बनकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार,...

भोपाल : हमीदिया अस्पताल में डॉक्टर बनकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने दबोचा

भोपाल: राजधानी के हमीदिया अस्पताल में मरीजों के परिजनों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को कोहेफिजा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को डॉक्टर बताकर ऑपरेशन और इलाज के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठता था। अस्पताल प्रबंधन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कोई व्यक्ति मरीजों के परिजनों से ₹5000-₹5000 की रकम वसूल रहा है।

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला

अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर थाना कोहेफिजा में अपराध दर्ज किया गया। 6 फरवरी 2026 को फरियादी नितेश विश्वकर्मा ने अपनी पत्नी के इलाज के नाम पर ठगी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।

Read More : M.P News : भोपाल में जुटेंगे CJI और 25 हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस, सीहोर में कृषि मंत्रियों की कांफ्रेंस

CCTV और साइबर सेल से मिली सफलता

जांच के दौरान पुलिस ने अस्पताल परिसर के CCTV फुटेज खंगाले और साइबर सेल की मदद ली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान जितेंद्र खागरे (31 वर्ष), निवासी बैतूल के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में कबूली कई वारदातें

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हमीदिया अस्पताल में चार ठगी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उसकी लोकेशन उज्जैन, इंदौर और देवास समेत अन्य शहरों के अस्पतालों के आसपास मिली है, जिससे अंदेशा है कि वह लंबे समय से अलग-अलग जगहों पर इसी तरह की ठगी कर रहा था।

गिरोह और अन्य मामलों की जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेले काम करता था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं। साथ ही अन्य अस्पतालों में हुई संभावित ठगी की घटनाओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here