Monday, September 28, 2026
Home Chhattisgarh Balrampur Child Abuse Case : बलरामपुर में ‘तालिबानी’ क्रूरता: खेत से मटर...

Balrampur Child Abuse Case : बलरामपुर में ‘तालिबानी’ क्रूरता: खेत से मटर तोड़ने पर बच्चों को दी रूह कंपाने वाली सजा, हाथ-पैर बांधकर पीटा और वीडियो किया वायरल

Balrampur Child Abuse Case : बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के ग्राम लडुवा (राजपुर) में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहाँ कुछ बच्चों पर खेत से मटर तोड़ने का आरोप लगाते हुए उन्हें न केवल बंधक बनाया गया, बल्कि उनके हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पिटाई की गई। आरोपियों की क्रूरता यहीं नहीं रुकी, उन्होंने इस अमानवीय कृत्य का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया।

मासूमों के साथ अमानवीय व्यवहार

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह छोटे बच्चों को लाचार कर उनके साथ हिंसक व्यवहार किया जा रहा है। पीड़ित बच्चों के पिता ने राजपुर थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत में बताया गया है कि इस घटना ने बच्चों को गहरे मानसिक सदमे (Trauma) में डाल दिया है और वे बुरी तरह भयभीत हैं।

पुलिस एक्शन: वीडियो की हो रही जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए राजपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के खिलाफ इस तरह की हिंसा कानूनन अक्षम्य है। दोषियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

इलाके में भारी आक्रोश

जैसे ही यह वीडियो स्थानीय लोगों तक पहुँचा, पूरे राजपुर क्षेत्र में रोष व्याप्त हो गया। सामाजिक संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट (JJ Act) और अन्य कड़ा धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि बच्चों ने गलती की थी, तो इसकी सूचना परिजनों या पुलिस को दी जानी चाहिए थी, न कि उन्हें बंधक बनाकर पीटा जाना चाहिए था।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here