Monday, September 28, 2026
Home Chhattisgarh Bilaspur Bilaspur-Mopka Sub-Station : बिलासपुर के मोपका सब स्टेशन में भीषण आग: शॉर्ट...

Bilaspur-Mopka Sub-Station : बिलासपुर के मोपका सब स्टेशन में भीषण आग: शॉर्ट सर्किट से धधका ट्रांसफार्मर, कई इलाकों की बिजली गुल; दमकल की गाड़ियां मौके पर

Bilaspur-Mopka Sub-Station : बिलासपुर: न्यायधानी के मोपका स्थित विद्युत सब स्टेशन में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे सब स्टेशन परिसर को धुएं ने अपनी आगोश में ले लिया। इस हादसे के बाद आसपास के रिहायशी इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए।

आसमान में दिखा धुएं का गुबार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सब स्टेशन से अचानक तेज आवाज आई और आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया, जिसे शहर के अन्य हिस्सों से भी साफ देखा जा सकता था। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही नगर सेना की फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई है। दमकल कर्मी भारी मशक्कत के साथ आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक इस हादसे में किसी के हताहत होने या झुलसने की खबर नहीं मिली है। सुरक्षा के मद्देनजर सब स्टेशन से जुड़े मोपका और आसपास के कई वार्डों की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई है।

अधिकारी मौके पर मौजूद

बिजली विभाग के आला अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंच चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि पहली प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाने और उसे फैलने से रोकने की है। आग बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा और बिजली बहाली की प्रक्रिया शुरू होगी।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here