Abhanpur Road Accident : रायपुर/अभनपुर: राजधानी रायपुर के बाहरी इलाके सड़क हादसों के ‘ब्लैक स्पॉट’ बनते जा रहे हैं। सोमवार शाम करीब 5:30 बजे अभनपुर थाना क्षेत्र के नवापारा-अभनपुर मुख्य मार्ग पर एक हृदय विदारक दुर्घटना हुई। एक बेकाबू बस ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हेलमेट भी नहीं बचा सका जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सामने से जा रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिरा और बस का भारी पहिया उसके सिर को कुचलता हुआ निकल गया। हालांकि युवक ने सुरक्षा के लिए हेलमेट पहन रखा था, लेकिन हादसे की भयावहता इतनी थी कि हेलमेट टूट गया और सिर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
हादसे के बाद चालक फरार, बस जब्त
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसका फायदा उठाकर बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और बस को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अभनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस अब बस नंबर के आधार पर मालिक और फरार चालक की तलाश कर रही है।
स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
इस मार्ग पर आए दिन होने वाले हादसों से स्थानीय ग्रामीण बेहद नाराज हैं। लोगों का आरोप है कि नवापारा–अभनपुर मार्ग पर भारी वाहन और बसें निर्धारित सीमा से कहीं अधिक रफ्तार में चलती हैं। प्रशासन से बार-बार स्पीड ब्रेकर और सख्त चेकिंग की मांग की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस फिलहाल मृतक की शिनाख्त करने और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।









