CG Weather Update : रायपुर। नवंबर में ही प्रदेश में दिसंबर जैसी कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। राजधानी रायपुर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया है। सिर्फ रायपुर ही नहीं, कई जिलों में तापमान गिरावट का असर साफ दिख रहा है। सरगुजा संभाग में सोमवार को शीतलहर चली, जबकि बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर का असर देखने को मिला। आज भी उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटे तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, वहीं इसके बाद तीन दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
CG Weather Update : पूरा प्रदेश 30 डिग्री से नीचे
छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है। रायपुर में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा ठंड अंबिकापुर में रही, जहां सोमवार को न्यूनतम पारा 6.5 डिग्री तक लुढ़क गया।
READ MORE : CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठिठुरन : अंबिकापुर में तापमान 7.6 डिग्री….
इन जिलों में 18 नवंबर तक अलर्ट
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर के कुछ इलाकों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रायपुर में आज का मौसम
रायपुर में आज आसमान पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। तापमान 13 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और सुबह-शाम ठंड का असर तेज रहेगा।













