Saturday, August 15, 2026
Home Chhattisgarh Primary School Belgaum : माकड़ी ब्लॉक में शिक्षा व्यवस्था चरमराई : बेलगाँव...

Primary School Belgaum : माकड़ी ब्लॉक में शिक्षा व्यवस्था चरमराई : बेलगाँव प्राथमिक शाला में 30+ बच्चों पर सिर्फ एक शिक्षक

0
231

Primary School Belgaum: माकड़ी। कोण्डागांव जिले के विकासखंड माकड़ी के अंतर्गत स्थित प्राथमिक शाला बेलगाँव में शिक्षकों की भारी कमी के कारण बच्चों की शिक्षा व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों से विद्यालय में केवल एक ही शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि यहाँ 30 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इस स्थिति के कारण एक शिक्षक पर पहली से पाँचवी तक की सभी कक्षाओं को पढ़ाने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जिम्मेदारियों का अत्यधिक बोझ है।

Primary School Belgaum:  ज्ञापन सौंपने के बावजूद नहीं हुई नियुक्ति
शनिवार की सुबह बेलगाँव पंचायत के प्रतिनिधियों, पालकों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से अपनी चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि शिक्षकों की कमी को लेकर उन्होंने कई बार खंड शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी तथा कलेक्टर कोण्डागांव को ज्ञापन सौंपा है, लेकिन अभी तक अतिरिक्त शिक्षक की नियुक्ति नहीं की गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि एक ही शिक्षक द्वारा सभी कक्षाओं की पढ़ाई कराना असंभव है। इसके अलावा, शिक्षक को आधार सत्यापन, जाति–निवास प्रमाण पत्र सत्यापन, जनगणना, एवं अपार आईडी अपडेट जैसे कई गैर-शैक्षणिक प्रशासनिक कार्य भी करने पड़ते हैं, जिससे बच्चों की नियमित पढ़ाई प्रभावित होना स्वाभाविक है।

Primary School Belgaum: शैक्षणिक भविष्य पर संकट
विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों ने आगामी अर्धवार्षिक परीक्षाओं को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की परीक्षा की तैयारी अधूरी रह जाएगी। पालकों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि यदि जल्द ही स्थिति नहीं सुधरी, तो उनके बच्चों का शैक्षणिक भविष्य अधर में लटक सकता है।

Primary School Belgaumग्राम पंचायत बेलगाँव ने जिला प्रशासन से पुनः तत्काल अतिरिक्त शिक्षक की पदस्थापना की मांग की है, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था पटरी पर आ सके। स्थानीय नागरिकों ने इस बात पर ज़ोर दिया है कि ग्रामीण इलाकों में शिक्षा ही विकास की कुंजी है, और मूलभूत समस्याओं पर ध्यान न देना आने वाली पीढ़ी के लिए हानिकारक होगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here