Delhi University acid attack : नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी की सेकंड ईयर की छात्रा पर लक्ष्मीबाई कॉलेज के पास एसिड अटैक की घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, यह हमला कॉलेज से कुछ दूरी पर हुआ, जब छात्रा अपने कॉलेज जा रही थी। पीड़िता ने चेहरा बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उसके हाथ जल गए। घटना सुबह करीब 10 बजे हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
Delhi University acid attack : पुलिस ने बताया कि मुकुंदपुर की रहने वाली 20 वर्षीय छात्रा पर जान-पहचान वाले युवक ने हमला किया। आरोपी जितेंद्र अपने साथियों ईशान और अरमान के साथ मोटरसाइकिल पर आए थे। आरोप है कि ईशान ने अरमान को एक बोतल दी, जिसमें एसिड था, और उसने उसे छात्रा पर फेंक दिया। घटना के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गए।

Delhi University acid attack : पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जितेंद्र उसका पीछा करता था और करीब एक महीने पहले उनके बीच तीखी बहस हुई थी। दिल्ली पुलिस ने छात्रा के बयान और चोटों की प्रकृति के आधार पर BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
Delhi University acid attack : पुलिस की कई टीमें घटना स्थल और आसपास के इलाके में जांच में जुटी हैं। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा यह पता लगाया जा रहा है कि हमले के पीछे किसी पुरानी वैमनस्यता या विवाद की वजह तो नहीं थी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। क्राइम टीम और FSL टीम ने घटना स्थल का मुआयना किया है और जांच को गति दी जा रही है।











