Indore News : इंदौर। तुकोगंज थाना क्षेत्र के इंद्रप्रस्थ टॉवर चौराहे पर बुधवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया। घटना में युवतियों की कार ने एक टैक्सी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घबराई युवतियां मौके से अपनी कार छोड़कर दूसरी गाड़ी से फरार हो गईं।
READ MORE: Bemetra News : बेमेतरा में ज्योति कलश का भक्तिभाव के साथ विसर्जन, महिलाओं ने की परंपरागत पूजा
Indore News : जानकारी के अनुसार, टैक्सी चालक वसीम खान निवासी खजराना रात करीब 1:30 बजे कार क्रमांक MH 04 KF 0105 से रीगल चौराहे से पलासिया की ओर सवारी लेकर जा रहे थे। इसी दौरान गीताभवन की ओर से तेज रफ्तार में आई कार क्रमांक MP 09 CK 0072 ने उनकी टैक्सी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैक्सी में बैठी सवारी को मामूली चोटें आईं।
वसीम खान ने बताया कि हादसे के बाद जब उन्होंने युवतियों से तेज गति से गाड़ी चलाने पर आपत्ति जताई, तो वे घबरा गईं और अपने परिचितों को फोन कर मौके से दूसरी कार में बैठकर निकल गईं। सूचना मिलने पर पुलिस देर रात मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को थाने ले गई।
पुलिस ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार अतुल गंजीवाल के नाम से रजिस्टर्ड है। टैक्सी चालक की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।









