बिहार। Bihar Elections 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए ने महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का बड़ा तोहफा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 10,000 रुपए ट्रांसफर किए गए। इस कदम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्वरोजगार व आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है।
Bihar Elections 2025 : प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, इस योजना में हर परिवार की एक महिला को प्रारंभिक वित्तीय सहायता दी गई है। भविष्य के चरणों में अतिरिक्त 2 लाख रुपए तक की मदद मिलने की संभावना है। योजना के तहत महिलाएं कृषि, पशुपालन, हस्तशिल्प, सिलाई-बुनाई और लघु उद्योग में अपने व्यवसाय को बढ़ा सकती हैं।
डीबीटी के जरिए सीधे बैंक खातों में राशि:
सभी लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से पैसे भेजे गए, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार की संभावना कम होगी।
विश्लेषकों का कहना है कि यह योजना चुनावी समीकरण को भी प्रभावित कर सकती है, क्योंकि बिहार में महिलाओं की आबादी लगभग 48 फीसदी है और एनडीए पिछले चुनावों में इस वोट बैंक पर निर्भर रही है।
नीतीश कुमार ने पिछले वर्षों में महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं लागू की हैं, जैसे मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना, कन्या उत्थान योजना, और राज्य की नौकरियों में 35 फीसदी आरक्षण। पीएम मोदी और नीतीश कुमार की यह जोड़ी महिलाओं को केंद्र में रखकर एनडीए के लिए समर्थन जुटाने की रणनीति पर काम कर रही है।











