रायपुर | राजधानी रायपुर में 22 साल के साउथ अफ्रीकन युवक सेनजेलवे सिसोनके निकमबुले की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। छात्र मुंबई से रायपुर के एक निजी विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने आया था। जानकारी मिली है कि वह मानसिक रोग से पीड़ित था और दवाइयां ले रहा था। मुंबई में उसके अजीबोगरीब व्यवहार का वीडियो भी वायरल हुआ था।
मौके पर साउथ अफ्रीकन एंबेसी ने हस्तक्षेप किया और विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा उसे आंबेडकर अस्पताल में ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद एंबेसी को सूचित किया गया। देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और अधिकारियों का कहना है कि मृतक के मानसिक स्वास्थ्य और मौत के कारणों की पूरी पड़ताल की जाएगी ताकि स्पष्ट किया जा सके कि मौत स्वाभाविक थी या इसमें किसी अन्य कारण का हाथ था।











