बरगी (जबलपुर)। बरगी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। उन्होंने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते समय विरोध दर्ज कराया और साथ ही आरोप लगाया कि पुलिस लगातार हो रही घटनाओं का संज्ञान नहीं ले रही और प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही।
व्यापारियों और ग्रामीणों का कहना है कि जब वे थाना बरगी जाते हैं, तो एफआईआर दर्ज करने के बजाय उन्हें टालमटोल कर वापस भेजा जाता है। हाल ही में हुई चोरी के दौरान भी थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त दल मौजूद था, लेकिन चोर पकड़ में नहीं आए।
पूर्व मंडल अध्यक्ष के पुत्रों ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। भाजपा नेत्री कनिका मजूमदार ने भी कहा कि पिछले दो वर्षों से बरगी में गरबा महोत्सव आयोजित करते समय पुलिस बल की मदद मांगी गई, लेकिन थाना प्रभारी ने असमर्थता जताते हुए कहा, “पैड पुलिस मंगवा लो।”
समाजसेवी बालकृष्ण अग्रवाल ने कहा कि बरगी थाना लगातार हो रही चोरी पर अंकुश नहीं लगा पा रही है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से निवेदन किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामवासियों को भय और असुरक्षा की स्थिति से मुक्ति मिल सके। अन्यथा, वे पुलिस अधीक्षक जिला जबलपुर के कार्यालय में शिकायत करने के लिए बाध्य होंगे।









