कवर्धा कलेक्टर ऑफिस को उड़ाने की धमकी, कलेक्टर के अकाउंट पर कश्मीर से मेल

Parivesh
कवर्धा कलेक्टर ऑफिस को उड़ाने की धमकी, कलेक्टर के अकाउंट पर कश्मीर से मेल

कवर्धा (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कलेक्टर ऑफिस को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी देने वाला एक मेल कलेक्टर के आधिकारिक ईमेल पर प्राप्त हुआ। धमकी मिलने के बाद जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। बम स्क्वॉड और फोर्स की टीमों को कलेक्टोरेट परिसर में तैनात किया गया है, और पूरे इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह धमकी कश्मीर की एक संदिग्ध मेल आईडी से भेजी गई है। मेल में साफ तौर पर लिखा गया है कि कलेक्टर परिसर में आरडीएक्स प्लांट कर दिया गया है, जो दोपहर ढाई बजे तक विस्फोट करेगा। इस सूचना के बाद कलेक्टर कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल हाई अलर्ट पर रखा गया।

धमकी भरे ईमेल की जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। ईमेल भेजने वाले का संभावित कनेक्शन तमिलनाडु से भी जुड़ा हो सकता है। इस संदर्भ में पुलिस ने साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से ईमेल की ट्रैकिंग शुरू कर दी है और सायबर क्राइम यूनिट को सतर्क कर दिया गया है। कवर्धा कलेक्टर गोपाल वर्मा ने धमकीभरे मेल की पुष्टि करते हुए बताया कि जैसे ही मेल मिला, तुरंत पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई। वहीं, एसपी धर्मेन्द्र छवई ने बताया कि पूरे कलेक्टोरेट परिसर को खाली करवा दिया गया है, और बम निरोधक दस्ता पूरे इलाके की गहन जांच में जुटा है। उन्होंने कहा, “सावधानी बरतते हुए आसपास के कुछ कार्यालयों को भी खाली कराया गया है, और किसी भी आशंका को हल्के में नहीं लिया जा रहा।”

कलेक्टोरेट में कार्यरत कर्मचारियों और आम लोगों के बीच भय और दहशत का माहौल है, लेकिन प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की तह तक जाने के लिए सभी तकनीकी और खुफिया साधनों का इस्तेमाल कर रही हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *