Raipur Crime: रायपुर में मामूली विवाद के बाद युवक की हत्या, स्कूटी नाली में गिरने पर आरोपियों ने चाकू से किए कई वार

Sanjay Sahu
Raipur Crime

Raipur Crime: रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। अश्वनी नगर में गौसिया मस्जिद के पास सोमवार देर रात दो युवकों ने विवाद के बाद युवक का पीछा किया। स्कूटी नाली में गिरने के बाद आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से कई वार किए और फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

स्कूटी नाली में गिरने के बाद किया हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डंगनिया निवासी अहमद खान (22) सोमवार रात करीब साढ़े 12 बजे अश्वनी नगर की एक गली से गुजर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी दो युवकों से बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर अहमद स्कूटी से वहां से निकलने लगा।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक उसका पीछा करने लगे। इसी दौरान अहमद की स्कूटी सड़क किनारे नाली में जा गिरी और वह सड़क पर गिर गया। पीछा कर रहे दोनों आरोपियों ने उसे जमीन पर गिरा देखकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में अहमद गंभीर रूप से घायल हो गया।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार

हमले के बाद अहमद सड़क पर खून से लथपथ पड़ा रहा। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए एम्स अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

DCP-ADCP और क्राइम ब्रांच की टीम ने की जांच

हत्या की सूचना मिलने के बाद DCP, ADCP और ACP समेत क्राइम ब्रांच की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा स्थानीय लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं

फिलहाल युवक की हत्या के पीछे की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामूली विवाद को शुरुआती कारण मानकर जांच कर रही है और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने राजधानी में लगातार सामने आ रही हत्या, चाकूबाजी और अवैध गतिविधियों की घटनाओं को लेकर चिंता जताई।

कन्हैया अग्रवाल ने आरोप लगाया कि रायपुर समेत प्रदेश में गांजा, अवैध शराब, सट्टा और जुए का कारोबार बढ़ रहा है, जिससे अपराधियों के बीच कानून का डर कम हुआ है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

Raipur Crime: उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशे के अवैध कारोबार, सट्टा-जुआ और अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस जनता की सुरक्षा और शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर आंदोलन करेगी।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *