Sunday, September 13, 2026
Home Chhattisgarh PM Fasal Bima Yojana: किसानों के लिए जरूरी खबर: फसल बीमा कराने...

PM Fasal Bima Yojana: किसानों के लिए जरूरी खबर: फसल बीमा कराने का आखिरी मौका, 31 जुलाई तक कराएं पंजीयन

PM Fasal Bima Yojana
PM Fasal Bima Yojana

PM Fasal Bima Yojana: बिलासपुर। प्राकृतिक आपदाओं और अनिश्चित मौसम से फसलों को होने वाले नुकसान से बचाव के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पंजीयन की अंतिम तिथि अब नजदीक है। जिले के किसान 31 जुलाई 2026 तक खरीफ फसलों का बीमा करा सकते हैं। कृषि विभाग ने किसानों से अंतिम समय का इंतजार किए बिना समय रहते पंजीयन कराने की अपील की है।

इस वर्ष बिलासपुर जिले में धान (सिंचित एवं असिंचित) और मक्का को अधिसूचित फसलों में शामिल किया गया है। योजना का लाभ ऋणी और अऋणी किसानों के अलावा भू-धारक, बटाईदार तथा वन पट्टाधारी किसान भी ले सकते हैं।

PM Fasal Bima Yojana: मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए बीमा जरूरी

कृषि विभाग के अनुसार, इस वर्ष अल-नीनो के प्रभाव के कारण मानसून अनिश्चित बना हुआ है। सूखा, अतिवृष्टि या लंबे समय तक बारिश नहीं होने जैसी परिस्थितियां फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बुवाई नहीं होने, रोपाई विफल होने, स्थानीय प्राकृतिक आपदाओं और फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान की भी भरपाई का प्रावधान है।

किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में किसान 72 घंटे के भीतर केंद्र सरकार के टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना देकर मुआवजे की दावा प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।

PM Fasal Bima Yojana: ऐसे कराएं पंजीयन

ऋणी किसान अपने बैंक या सेवा सहकारी समिति के माध्यम से पंजीयन करा सकते हैं। वहीं अऋणी किसान लोक सेवा केंद्र, बीमा कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि या प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

PM Fasal Bima Yojana: अऋणी किसानों के लिए जरूरी दस्तावेज

बीमा कराने के लिए अऋणी किसानों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, भूमि संबंधी दस्तावेज (बी-1 एवं पी-2) और फसल विवरण का स्व-घोषणा पत्र जमा करना होगा। जरूरत पड़ने पर किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से भी सहायता ले सकते हैं।

पिछले साल योजना से बाहर हुए किसान भी करा सकते हैं बीमा

कृषि विभाग ने उन किसानों से भी इस बार बीमा कराने की अपील की है, जिन्होंने पिछले वर्ष असहमति आवेदन देकर योजना से अपना नाम वापस ले लिया था। विभाग का कहना है कि मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए फसल बीमा किसानों की आर्थिक सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

उप संचालक कृषि बिलासपुर पी.डी. हथेश्वर ने किसानों से अपील की है कि वे 31 जुलाई की अंतिम तिथि से पहले अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं, ताकि किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here