सुल्तानपुर। Nishaanebaz.com-Sultanpur Purvanchal Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार (4 अक्टूबर 2026) सुबह एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा पर स्थित हलियापुर थाना क्षेत्र में सुबह करीब 8:00 बजे एक सैन्य एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से बेहद तेज रफ्तार में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस हादसे में एंबुलेंस चालक, एक सैन्यकर्मी और जवान के परिवार के दो सदस्यों समेत कुल चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस भीषण हादसे की जानकारी मिलते ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर शोक संदेश जारी करते हुए लिखा, “जनपद सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। अधिकारियों को परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति प्रदान करें।”
Read More : CG News: यूथ कांग्रेस चुनाव में ‘फर्जी वोट’ की शिकायतों पर गरमाई सियासत, रामविचार नेताम ने कांग्रेस को घेरा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह सैन्य एंबुलेंस हरियाणा के पंचकुला से एक शहीद जवान के पार्थिव शरीर को लेकर उनके पैतृक निवास देवरिया जा रही थी। इसी दौरान हलियापुर के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से सीधे टकरा गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद एंबुलेंस चालक और सैन्यकर्मी का शव एंबुलेंस के मलबे में ही बुरी तरह फंस गया था। हादसे के तत्काल बाद शहीद जवान के पार्थिव शरीर को सुरक्षापूर्वक हलियापुर थाने में रखवाया गया।
Read More : CG News: विद्या के मंदिर में नशे का ‘पाठ’! नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक… Video वायरल
घटना की सूचना मिलते ही हलियापुर पुलिस और एक्सप्रेस-वे की राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। वाहन में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को गैस कटर बुलाकर एंबुलेंस के हिस्सों को काटना पड़ा। इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।






