1. भोपाल में क्रिएटर्स समिट का आयोजन
भोपाल में आज क्रिएटर्स समिट का आयोजन हो रहा है, जिसमें यूट्यूबर, डिजिटल आर्टिस्ट और इन्फ्लुएंसर हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में शामिल होंगे। कंटेंट मॉनेटाइजेशन, ऑडियंस इंगेजमेंट और नए डिजिटल ट्रेंड्स पर चर्चा होगी। समिट का सबसे बड़ा आकर्षण होगा ‘क्रिएटर्स अवॉर्ड्स’, जिसे स्वयं सीएम मोहन यादव प्रदान करेंगे।
2. विदेश में पढ़ाई के लिए 35 लाख की छात्रवृत्ति
मध्य प्रदेश सरकार सामान्य वर्ग के छात्रों को स्नातकोत्तर और पीएचडी स्तर की पढ़ाई के लिए विदेश में 35 लाख रुपए की मदद देगी। आवेदन की अंतिम तिथि 19 सितंबर है। उम्मीदवार का मध्य प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए और स्नातक में कम से कम 60 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं। संबंधित विदेशी विश्वविद्यालय से अध्ययन प्रस्ताव अनिवार्य है।
3. बीजेपी महिला मोर्चा का प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन
भोपाल और अन्य जिलों में बीजेपी महिला मोर्चा आज कांग्रेस के खिलाफ हल्ला बोल करेगी। राजधानी में रेडक्रॉस चौराहे से कांग्रेस कार्यालय तक पैदल मार्च होगा। पीएम मोदी की मां को अपशब्द कहने के मामले में महिला मोर्चा कांग्रेस का घेराव करेगी। प्रदर्शन दोपहर 12.30 बजे शुरू होगा।
4. सीएम मोहन यादव का मुरैना और ग्वालियर दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 9.25 बजे भोपाल से ग्वालियर के लिए रवाना होंगे। मुरैना में पीएम मोदी की “मन की बात” सुनेंगे, हाइड्रोजन निर्माण इकाई का भूमिपूजन करेंगे और स्थानीय उद्योगपतियों के साथ संवाद करेंगे। दोपहर और शाम को विभिन्न मंदिर, कॉलेज और स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाम 7.20 बजे भोपाल लौटेंगे।
5. राजधानी के 35+ कॉलोनियों में जल आपूर्ति प्रभावित
भोपाल नगर निगम ने मेट्रो रेल और मनुआभान टेकरी फिल्टर प्लांट में मेंटेनेंस के चलते जल आपूर्ति बंद करने का फैसला किया है। करोंद, विश्वकर्मा नगर, नवीबाग, भानपुर, लंबाखेड़ा, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और अन्य 35 से अधिक कॉलोनियों में आज और कल पानी नहीं आएगा।













