Raisen Accident : रायसेन। आज मंगलवार सुबह रायसेन जिले के बरेली क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नर्मदापुरम निवासी दो युवक नयन खंडेलवाल और आयुष दीक्षित मोटरसाइकिल से छींद मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाइवे-45 पर बरेली के इंडियन रिसोर्ट के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार ट्राले ने जोरदार टक्कर मार दी।
Raisen Accident : हादसे में नयन खंडेलवाल ट्राले के नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि साथी युवक आयुष दीक्षित गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवारों के सामने अचानक एक गाय आ गई, जिसे बचाने के प्रयास में बाइक ट्राले के नीचे चली गई और नयन उसकी चपेट में आ गया।
सूचना मिलते ही बरेली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालने के लिए हाईड्रा मशीन बुलवाई। वहीं घायल आयुष को तत्काल बरेली सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मृतक नयन खंडेलवाल और घायल आयुष दीक्षित दोनों ही नर्मदापुरम निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











