बिलासपुर। Bilaspur Car Accident Viral Video Controversy के तहत छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से मारपीट का एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सड़क हादसे के बाद कुछ स्थानीय लोग कार सवार एक युवक और युवती की पिटाई करते हुए नजर आ रहे हैं। यह पूरी घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा इलाके की बताई जा रही है, जो दो से तीन दिन पुरानी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिफरा मुख्य मार्ग पर कार सवार युवक और युवती ने सवारियों से भरे एक ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार ठोकर मार दी। दुर्घटना के ठीक बाद कार रुकने पर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि दुर्घटना के बावजूद युवक और युवती कार के अंदर ही किस करते दिखाई दे रहे थे। हादसे के बाद इस तरह की हरकत देखकर मौके पर मौजूद लोग उग्र हो गए और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने कार सवारों को बाहर खींचकर उनकी जमकर पिटाई कर दी।
इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया है।
मामले के संबंध में सिरगिट्टी थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक इस घटना को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए पुलिस द्वारा वीडियो की सत्यता और घटनाक्रम की पुष्टि की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच पूरी होने और घटना में शामिल लोगों की पहचान के पश्चात नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






