गुना । गुना जिले में प्रेम प्रसंग के चलते हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कृषि उपज मंडी में शनिवार देर शाम मजदूर अनिल करोसिया की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या उसी चाकू से की गई, जिससे कुछ दिन पहले आरोपी की बहन ने जन्मदिन का केक काटा था। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित सात युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
बहन पर बुरी नजर से नाराज़ था भाई
पुलिस के अनुसार मृतक अनिल करोसिया आरोपी अभिषेक टिंगा की बहन के संपर्क में था। वह युवती से कहता था कि अगर वह उससे शादी कर लेगी तो वह उसे सोने-चांदी के गहनों से लाद देगा। जब यह बात युवती ने अपने भाई को बताई तो अभिषेक गुस्से से भर गया।
ऑनलाइन खरीदे 5 चाकू, की रेकी
आरोपी अभिषेक ने हत्या की योजना बनाने के बाद ऑनलाइन पांच चाकू मंगवाए। अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसने अनिल की गतिविधियों पर नज़र रखनी शुरू की। शनिवार को खबर मिली कि अनिल मंडी परिसर में शराब पी रहा है। इसके बाद अभिषेक और उसके साथी वहां पहुंचे और अनिल को घेरकर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। अनिल की मौके पर ही मौत हो गई।
पुरानी रंजिश और संबंधों पर भी शक
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अनिल करोसिया के संबंध आरोपी के दोस्त की भाभी से भी थे। इसी कारण दोनों दोस्तों ने मिलकर साथियों के साथ हत्या की साजिश रची।
read News : पुणे में राज ठाकरे का बड़ा बयान, कहा- राहुल गांधी सही, वोट चोरी से बदल रही देश की सियासत
गैंग बनाने की तैयारी में था आरोपी
गुना एसपी अंकित सोनी ने बताया कि मुख्य आरोपी अभिषेक टिंगा उसी चाकू से हत्या करना चाहता था, जिससे बहन का बर्थडे केक काटा गया था। हत्या के बाद वह खुद को गैंगस्टर की तरह स्थापित करने की योजना भी बना रहा था। फिलहाल पुलिस ने हत्या में शामिल सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।









