Voter List : मुंबई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। उन्होंने कहा कि “महाराष्ट्र का चुनाव चोरी किया गया”, और इस चुनाव में पार्टी की हार को वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों से जोड़ा।
राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में करीब 40 लाख रहस्यमयी वोटर हैं, जिनकी पहचान या अस्तित्व संदेहास्पद है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केवल पांच महीनों में लाखों नए वोटर सूची में जोड़े गए, जिनमें से बड़ी संख्या में नाम, पता और पिता के नाम में गंभीर विसंगतियां हैं।
कांग्रेस नेता ने अपनी बात को साबित करने के लिए महाराष्ट्र और कर्नाटक की मतदाता सूचियों का हवाला देते हुए एक प्रेजेंटेशन भी दिखाया। उन्होंने कहा, “संविधान की नींव वोटिंग पर है। लेकिन क्या हम सुनिश्चित कर सकते हैं कि सही लोगों को वोट देने दिया गया?”
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने बार-बार मांगने के बावजूद इलेक्ट्रॉनिक वोटर डेटा साझा नहीं किया। “हमने आयोग से डेटा मांगा, लेकिन जवाब तक नहीं दिया गया,” राहुल ने कहा।
राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट में फर्जी नामों, शून्य एड्रेस वाले मकानों और डुप्लीकेट वोटरों का हवाला देते हुए कहा, “11 हजार ऐसे वोटर हैं जिन्होंने तीन बार वोट डाला। कुछ पते ऐसे हैं जहां 46 वोटर रजिस्टर्ड हैं। ये सीधा चुनाव आयोग और बीजेपी की मिलीभगत का मामला है।”
राहुल गांधी ने मांग की कि चुनाव आयोग को सार्वजनिक रूप से जवाब देना चाहिए कि क्या वर्तमान वोटर लिस्ट सही है या उसमें छेड़छाड़ की गई है।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद एक बार फिर देश में चुनावी पारदर्शिता और ईवीएम से जुड़े सवालों पर बहस तेज हो गई है। चुनाव आयोग की ओर से फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।









