Raipur Crime: रायपुर। राजधानी के टिकरापारा क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पुलिसकर्मी पति, सास और ससुर पर दहेज में दो लाख रुपये की मांग करने, संतान नहीं होने पर अपमानित करने और मारपीट कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति रमेश कुमार कुर्रे, सास बुन्द कुंवर कुर्रे और ससुर बनसराम कुर्रे के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के छह महीने बाद शुरू हुई प्रताड़ना
महिला की शादी 10 अप्रैल 2023 को हुई थी। शादी के दौरान मायके पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार सोने-चांदी के जेवर, मोटरसाइकिल, पलंग, अलमारी, फ्रिज, वाशिंग मशीन सहित घरेलू उपयोग का अन्य सामान दिया था।
महिला का आरोप है कि शादी के करीब छह महीने बाद ही ससुराल वाले कम दहेज मिलने का ताना देने लगे। पति, जो सीएफ में आरक्षक के पद पर पदस्थ है, नौकरी करने के बावजूद मायके से दो लाख रुपये लाने का दबाव बनाता था। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
संतान नहीं होने पर बांझ कहकर किया अपमानित
विवाहिता के मुताबिक, रायपुर में किराये के मकान में रहने के दौरान पति उसे संतान नहीं होने पर बांझ कहकर अपमानित करता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। वहीं, सास-ससुर भी उसे लगातार परेशान करते थे।
परिवार परामर्श केंद्र में हुई थी काउंसिलिंग
Raipur Crime: प्रताड़ना से परेशान महिला ने परिवार परामर्श केंद्र का सहारा लिया था। वहां काउंसिलिंग के दौरान पति ने अच्छा व्यवहार करने और आगे प्रताड़ित नहीं करने का भरोसा दिया था। हालांकि, महिला का आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल में विवाद और मारपीट का सिलसिला नहीं थमा।
3 नवंबर को फिर मारपीट, पुलिस ने दर्ज किया मामला
Raipur Crime: महिला ने शिकायत में बताया कि 3 नवंबर को भी पति ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की। महिला थाना पुलिस ने मामले में पति समेत तीन ससुरालियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।