Kanker News: CG में 2 करोड़ का गांजा लावारिस बरामद, तस्करों ने TI पर चढ़ाई कार; कचरे में बोरियां फेंककर फरार

Sanjay Sahu
Kanker News

Kanker News: कांकेर। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी को ही कुचलने की कोशिश कर दी गई। मंगलवार देर रात केशकाल से कांकेर तक करीब 30 किलोमीटर तक पुलिस और तस्करों के बीच फिल्मी अंदाज में पीछा चला। इस दौरान तस्करों ने केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा पर कार चढ़ाने की कोशिश की। कार उनके पैर को रगड़ते हुए निकल गई, जिससे उनके अंगूठे में गंभीर चोट आई। वहीं, तस्कर मौके से फरार हो गए।

Kanker News: पुलिस के मुताबिक, ओडिशा से गांजा लेकर आ रही एक फॉर्च्यूनर कार और उसके साथ चल रही टाटा वैक्सीन पायलट गाड़ी को रोकने की कोशिश की गई थी। इसी दौरान एक नेक्सॉन कार के चालक ने थाना प्रभारी पर गाड़ी चढ़ा दी। घटना के बाद तस्कर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।

कचरे के ढेर में फेंक गए गांजे की बोरियां

पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने सिंगारभाट में राइस मिल के पास गड़िया पहाड़ के नीचे कचरे के ढेर में गांजे से भरी बोरियां फेंक दीं। इसके बाद दोनों वाहन अलग-अलग रास्तों से भाग निकले।

घटना के बाद केशकाल पुलिस ने वापस लौट रही एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर तलाशी ली। हालांकि, जांच में कुछ नहीं मिलने पर उसे छोड़ दिया गया। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों की सूचना पर कांकेर पुलिस ने कचरे के ढेर से लावारिस हालत में पड़ी बोरियां बरामद कीं।

400 किलो से अधिक गांजा, कीमत 2 करोड़ से ज्यादा

पुलिस की जांच में बोरियों से 400 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी के बाद पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है।

ओडिशा से गांजा लाने पुराने रास्तों का इस्तेमाल

बताया जा रहा है कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य जारी होने के कारण ओडिशा से आने वाले गांजा तस्कर केशकाल-कांकेर के पुराने रास्तों को नए कॉरिडोर के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।

Kanker News: गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले भी केशकाल पुलिस ने 407 किलो गांजा जब्त किया था। लगातार हो रही बड़ी बरामदगी से इलाके में गांजा तस्करी के नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और आरोपियों से जुड़े सुराग मिले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना कर दी गई हैं। पुलिस अब फरार तस्करों की तलाश के साथ गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

 

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *