Raipur Accident: रायपुर। राजधानी में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई। पहली घटना में जोरा माल के सामने रिंग रोड ओवरब्रिज पर अंधेरे में बिना संकेतक लाइट के खड़ी पिकअप से इलेक्ट्रिक स्कूटी टकरा गई। हादसे में 28 वर्षीय सौरभ साहू की मौत हो गई। वहीं, दूसरी घटना खमतराई थाना क्षेत्र के रांवाभाठा स्थित मां बंजारी मंदिर के सामने हुई, जहां दर्शन करने जा रही बुजुर्ग महिला को तेज रफ्तार 12 चक्का ट्रक ने कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
अंधेरे में खड़ी पिकअप बनी हादसे की वजह
पुलिस के अनुसार, पहली घटना 1 नवंबर की रात करीब 3 बजे की है। मंदिरहसौद क्षेत्र के डिघारी निवासी सौरभ साहू एक इवेंट का काम खत्म करने के बाद इलेक्ट्रिक स्कूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान जोरा माल के सामने रिंग रोड ओवरब्रिज पर उसकी स्कूटी सड़क पर खड़ी पिकअप से पीछे से टकरा गई।
बताया गया कि पिकअप चालक ने वाहन सड़क पर खड़ा करते समय न तो संकेतक लाइट चालू की थी और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाया था। अंधेरा होने के कारण सौरभ को पिकअप दिखाई नहीं दी और वह उससे जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मां बंजारी मंदिर दर्शन करने जा रही बुजुर्ग महिला को ट्रक ने कुचला
दूसरी घटना 2 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे खमतराई थाना क्षेत्र के रांवाभाठा स्थित मां बंजारी मंदिर के सामने हुई। दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम सिकोना निवासी अजीत राम निषाद अपने परिवार के साथ भनपुरी स्थित ससुराल आया हुआ था। सोमवार को वह पत्नी सुखबती निषाद, दो बच्चों और अपनी सास अधनिया बाई निषाद के साथ मां बंजारी मंदिर में दर्शन करने निकला था।
Raipur Accident: अजीत राम बाइक से आगे चल रहा था, जबकि उसकी पत्नी, सास और दोनों बच्चे पैदल मंदिर की ओर जा रहे थे। मंदिर के पास पहुंचकर परिवार सड़क पार करने लगा। इसी दौरान रायपुर से बिलासपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार 12 चक्का ट्रक ने पीछे से बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। ट्रक के पहिए की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक को रुकवा लिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।