8th Pay Commission:नई दिल्ली। केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजरें 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों पर टिकी हुई हैं। हर किसी के मन में एक ही सवाल है कि आयोग की रिपोर्ट सरकार को सौंपे जाने के बाद वेतन और पेंशन में बढ़ोतरी का रास्ता कब साफ होगा? क्या रिपोर्ट आते ही कर्मचारियों की सैलरी बढ़ जाएगी या इसके लिए अभी लंबा इंतजार करना पड़ेगा?
दरअसल, 8वें वेतन आयोग ने अक्टूबर महीने में बेंगलुरु और मुंबई में अहम बैठकें की हैं। इन बैठकों के बाद आयोग की आगे की प्रक्रिया को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, सिफारिशों को अंतिम रूप देने या रिपोर्ट सौंपने की तारीख को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
रिपोर्ट सौंपने के बाद इन 5 चरणों से गुजरेगी प्रक्रिया
1. सरकार करेगी रिपोर्ट की समीक्षा
8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट सरकार को सौंपे जाने के बाद सबसे पहले उसकी विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसमें फिटमेंट फैक्टर, बेसिक सैलरी, भत्ते, पेंशन और सेवा से जुड़े नियमों पर आयोग की सिफारिशों को देखा जाएगा।
2. किन सिफारिशों को मिलेगी मंजूरी?
रिपोर्ट की समीक्षा के बाद सरकार तय करेगी कि आयोग की किन सिफारिशों को स्वीकार करना है और किनमें बदलाव की जरूरत है। कुछ प्रस्तावों को पूरी तरह या आंशिक रूप से स्वीकार अथवा अस्वीकार भी किया जा सकता है। यह फैसला आर्थिक और प्रशासनिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।
3. कुछ मुद्दों पर हो सकती है अतिरिक्त जांच
वेतन आयोग की कुछ सिफारिशों, खासकर भत्तों, पेंशन और उनके क्रियान्वयन से जुड़े मामलों में अतिरिक्त जांच की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे मुद्दों पर सरकार अलग समिति गठित कर समीक्षा भी करा सकती है।
4. सरकार जारी करेगी अधिसूचना और आदेश
सिफारिशों पर अंतिम निर्णय लेने के बाद केंद्र सरकार आवश्यक अधिसूचना और आदेश जारी करेगी। इसमें नई वेतन संरचना, भत्तों, पेंशन और लागू होने वाले नियमों का विवरण दिया जाएगा।
5. लागू होने की तारीख और एरियर का भुगतान
अंतिम निर्णय के बाद सरकार प्रभावी तारीख की घोषणा करेगी। इसके आधार पर संबंधित विभाग कर्मचारियों और पेंशनर्स के संशोधित वेतन व पेंशन की गणना करेंगे। पात्र कर्मचारियों को निर्धारित नियमों के अनुसार एरियर का भुगतान भी किया जा सकता है।
आखिर कब तक आएगी 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट?
8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था। आयोग को गठन के बाद 18 महीने के भीतर अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपनी हैं। इस हिसाब से रिपोर्ट सौंपने की समयसीमा करीब 3 मई 2027 बनती है।
8th Pay Commission:ऐसे में मई 2027 के आसपास आयोग की रिपोर्ट आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, रिपोर्ट सौंपने के बाद भी कर्मचारियों को वास्तविक वेतन बढ़ोतरी के लिए सरकार की मंजूरी और आधिकारिक आदेश का इंतजार करना होगा। यानी रिपोर्ट आते ही सैलरी बढ़ना तय नहीं है। सरकार की समीक्षा, मंजूरी और लागू करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग का वास्तविक लाभ मिल सकेगा।